सासाराम (रोहतास) Etv News 24
किसान पंजीकरण (फार्मर रजिस्ट्री) कार्य में तेजी लाने के लिए जिला प्रशासन लगातार जुटा है। जिलाधिकारी, रोहतास श्रीमती उदिता सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में संचालित फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की।बैठक में प्रखंडवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को पंजीकरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकतम संख्या में किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए तथा जिन किसानों के नाम से जमाबंदी कायम है, उनका अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका को निर्देशित किया कि जीविका दीदियों के सहयोग से ऐसे किसानों को चिन्हित कर शिविर स्थलों तक लाना सुनिश्चित करें, जिनका अब तक पंजीकरण नहीं हुआ है।जिलाधिकारी ने कहा कि फॉर्मर रजिस्ट्री किसानों की एक डिजिटल पहचान है, जिसके माध्यम से उन्हें विभिन्न कृषि योजनाओं, अनुदान, बीमा, फसल सहायता एवं अन्य लाभों का सीधा फायदा मिलेगा। इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। साथ ही, किसानों को पंजीकरण के दौरान आ रही तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अधिक से अधिक किसान इस महाअभियान का लाभ उठा सकें।



