तेजी से बढ़ते शहरीकरण और औद्योगिक गतिविधियों को देखते हुए सरकार ने तेज की तैयारी
लखनऊ विकास प्राधिकरण का पूरे जिले में होगा विस्तार, बाराबंकी के सुनियोजित विकास की खुलेगी राह
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ राजधानी से सटे बाराबंकी जिले में जल्द ही विकास प्राधिकरण (बीडीए) का गठन हो सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहरी विकास विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान बाराबंकी विकास प्राधिकरण (बीडीए) के गठन का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का विस्तार पूरे लखनऊ जनपद में करने की आवश्यकता भी जताई।
मुख्यमंत्री ने तेजी से बढ़ते शहरीकरण, औद्योगिक गतिविधियों और आवासीय क्षेत्रों में बढ़ते दबाव को देखते हुए नियोजित विकास पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहरी विकास की योजनाएं तैयार की जाएं, ताकि अनियोजित निर्माण और अव्यवस्थित विस्तार पर अंकुश लगाया जा सके।
बाराबंकी जिला राजधानी लखनऊ से सटा होने के कारण तेजी से विकसित हो रहा है। लखनऊ से बेहतर सड़क संपर्क, औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और आवासीय परियोजनाओं के चलते यहां शहरीकरण की रफ्तार बढ़ी है। ऐसे में विकास प्राधिकरण के गठन से भवन निर्माण, आवासीय योजनाओं, सड़क, पार्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को व्यवस्थित तरीके से विकसित करने में मदद मिल सकती है।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बाराबंकी विकास प्राधिकरण के गठन की संभावनाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, इसके गठन, क्षेत्राधिकार और कार्ययोजना को लेकर विस्तृत प्रस्ताव तैयार होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया स्पष्ट होगी।




