पत्रकारिता की निष्पक्षता और सामाजिक दायित्वों पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दी गई श्रद्धांजलि
अयोध्या उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
राष्ट्रवादी नौजवान सभा के जिलाध्यक्ष अनुराग सिंह एडवोकेट की ओर से इनायतनगर स्थित एक होटल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, लोक कलाकारों और डिजिटल क्रिएटर्स को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में मिल्कीपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी पीयूष को भी आयोजक अनुराग सिंह एडवोकेट ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रवादी नौजवान सभा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को संगठित कर उन्हें आर्थिक, सामाजिक और वैचारिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कौशल विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के साथ वंचित छात्रों को मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री एवं छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई। पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा के कार्यों को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई।
भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंगठन अयोध्या के जिलाध्यक्ष बलराम तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकारों का दायित्व केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को निष्पक्ष एवं निर्भीकता के साथ सामने लाना भी है। समाज के वंचित और दबे-कुचले वर्गों की आवाज बनना पत्रकारिता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का सम्मान उनकी लेखनी, संघर्ष और सामाजिक जिम्मेदारियों का सम्मान है।
प्रदेश पदाधिकारी नरसिंह ने पत्रकारिता में विश्वसनीयता और निष्पक्षता को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि पत्रकारों को तथ्यों के आधार पर समाचारों का संकलन करना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार दिनेश जायसवाल, विजय पाठक, महासचिव रामनिवास पाण्डेय, वेदप्रकाश मिश्रा और मिल्कीपुर तहसील अध्यक्ष वेदप्रकाश तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे।
समारोह में पत्रकार गिरिजा प्रसाद शुक्ला, देवराज मिश्रा, प्रशांत आजाद, उमाशंकर तिवारी, राजेश तिवारी, ओंकारनाथ मिश्रा, वकार अहमद, ब्रजेश उपाध्याय, मोहम्मद हसन, राजेश उपाध्याय, शिवकुमार पाण्डेय, सुनील तिवारी, डॉ. अनिल तिवारी, दातादीन यादव, वेदप्रकाश तिवारी, रवि शुक्ला, राहुल पाण्डेय और विपिन तिवारी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिक्षक शिवराज यादव, लोक गायक विवेक पाण्डेय तथा डिजिटल क्रिएटर्स अभिषेक तिवारी महाकाल, पवन पंडित, भीम पंडित, ध्रुव सिंह, कट्टा कॉमेडियन, मोहित मौर्य, राहुल मिश्रा और अमित श्रीवास्तव को भी सम्मान प्रदान किया गया।
आयोजक अनुराग सिंह एडवोकेट ने सभी अतिथियों और सम्मानित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना गौरव की बात है। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाने के साथ सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करते हैं।
समारोह के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।




