पीड़िता के परिजनों ने लगाया धमकी देने और रेकी कराने का आरोप
सुरक्षा की मांग भाजपा नेता के बेटे पर यौन शोषण का आरोप, मामले ने पकड़ा राजनीतिक तूल
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर /लम्भुआ
शादी का झांसा देकर नाबालिग अवस्था से यौन शोषण किए जाने के गंभीर आरोप में मुकदमा दर्ज होने के 36 घंटे बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। आरोपी को भाजपा नेता एवं सभासद का पुत्र बताया जा रहा है। लम्भुआ निवासी भाजपा नेता हरिओम अग्रहरि के परिवार से जुड़े इस मामले ने अब राजनीतिक हलचल भी बढ़ा दी है।
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी पक्ष की ओर से उन पर सुलह करने का दबाव बनाया जा रहा है। परिजनों का दावा है कि कुछ लोग उनके घर पहुंचकर धमकी दे रहे हैं। इतना ही नहीं, रास्ते में रेकी किए जाने की भी आशंका जताई गई है। इससे पीड़िता और उसकी मां दहशत में हैं। परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है।
मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि आरोपी के राजनीतिक प्रभाव के चलते कार्रवाई में देरी हो रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अब पीड़ित परिवार प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने और मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहा है। पीड़ित परिवार का सवाल यह भी उठ रहा है कि गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की है और आरोपी की गिरफ्तारी में देरी की वजह क्या है।




