अयोध्या/उत्तर प्रदेश/Etv News 24/ब्यूरो रिपोर्ट
अयोध्या सावन माह में रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। सुगम (वीआईपी) दर्शन और आरती में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पास की एडवांस बुकिंग तेजी से हो रही है। स्थिति यह है कि ऑनलाइन बुकिंग के सभी उपलब्ध स्लॉट 16 अगस्त तक भर चुके हैं, अब श्रद्धालुओं को 17 अगस्त के बाद की तारीखों के लिए ही पास मिल रहे हैं। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से सुगम दर्शन, विशिष्ट दर्शन और आरती पास के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन व्यवस्था संचालित की जा रही है। प्रतिदिन सीमित संख्या में ऑनलाइन पास जारी किए जाते हैं, ताकि मंदिर परिसर में भीड़ का बेहतर प्रबंधन किया जा सके। ऑनलाइन पास के जरिए एक बार में अधिकतम 8 श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति मिलती है, जबकि सभी श्रद्धालुओं के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि पास केवल अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें, क्योंकि होटल, एजेंट या अन्य माध्यमों से मिले पास फर्जी हो सकते हैं। मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से मोबाइल फोन, पेन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के प्रवेश पर रोक लगा रखी है। वहीं सावन में सामान्य दर्शन पास की मांग भी बढ़ी है और इसके स्लॉट भी 16 जुलाई तक भर चुके हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रस्ट और प्रशासन दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं।




