पटना बिहार/Etv News 24
पटना। डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी स्व. डॉ. विमल कुमार के पटना स्थित गोला रोड आवास पहुंचकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उनके शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत अधिकारी के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया।तेजस्वी यादव ने कहा कि डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी स्व. विमल कुमार की नृशंस हत्या की घटना ने पूरे बिहार को झकझोर कर रख दिया है।
उन्होंने इसे केवल एक ईमानदार अधिकारी की हत्या नहीं, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाली घटना बताया।उन्होंने शोकाकुल परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।इस मौके पर स्व. विमल कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।




