तिलौथू रोहतास/ Etv News 24
तिलौथू प्रखंड के चंदनपुरा स्थित जीवन उत्सव पब्लिक स्कूल में रविवार, 19 जुलाई को विद्यालय के निदेशक मिथिलेश विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में कक्षा षष्ठम, सप्तम एवं अष्टम के छात्र-छात्राओं के लिए खेल प्रशिक्षण एवं सेल्फ डिफेंस कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जंगलेश प्रसाद चौरसिया द्वारा गुरु वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रसिद्ध खेल प्रशिक्षक रितेश कुमार मिश्रा व समाजसेवी सत्यानंद कुमार को विद्यालय परिवार की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रसिद्ध खेल प्रशिक्षक रितेश कुमार मिश्रा ने बच्चों को खेलों के महत्व, अनुशासन एवं आत्मरक्षा के गुरों की जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, शारीरिक क्षमता एवं खेल प्रतिभा का विकास करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में विद्यालय के छात्र-छात्राएं जिला एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय निदेशक मिथिलेश विश्वकर्मा ने कहा कि जीवन उत्सव पब्लिक स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। विद्यालय में पहले से संस्कार शिक्षा, चित्रकला, ध्यान-योग एवं संस्कृति मंच जैसी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। अब विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से योग एवं खेल प्रशिक्षण भी नियमित रूप से प्रारंभ किया गया है।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के उप- व्यवस्थापक मोहम्मद सफदर अली ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और अनुशासन देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।




