धारूपुर की बेटियों ने जीते प्रथम स्थान मानवी ने 600 मीटर और रागिनी ने 400 मीटर दौड़ में मारी बाजी
विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर किया गया सम्मानित
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
कुड़वार ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय बालक्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन कम्पोजिट विद्यालय कुड़वार प्रथम में उत्साह और खेल भावना के बीच किया गया। व्यायाम शिक्षक धर्मेंद्र त्रिपाठी के संयोजन में आयोजित प्रतियोगिता में ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में नरही न्याय पंचायत के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। खासकर उच्च प्राथमिक विद्यालय धारूपुर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इसके बाद विभिन्न खेल स्पर्धाएं शुरू हुईं। दौड़ प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सीमित संसाधनों के बावजूद नंगे पांव दौड़ते बच्चों के हौसले और खेल के प्रति जुनून ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
मानवी ने 600 और रागिनी ने 400 मीटर में हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय धारूपुर की कक्षा आठ की छात्रा मानवी ने बालिका वर्ग की 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं इसी विद्यालय की छात्रा रागिनी ने 400 मीटर दौड़ में बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं की उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल रहा। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते धारूपुर विद्यालय चैंपियन बनने की दौड़ में आगे दिखाई दिया। नरही न्याय पंचायत के खिलाड़ियों ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का दम दिखाया।
विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता छात्र-छात्राओं को मंच पर मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास तथा टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी विवेक कटियार, खंड शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश यादव, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष निजाम खान सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और आपसी सौहार्द का माहौल देखने को मिला।




