सुधार उत्सव ग्राम सभाओं में 11 मंत्रालयों के एजेंडे पर मंथन
रोजगार से राशन तक गांवों के मुद्दे होंगे केंद्र में, 125 दिन रोजगार की गारंटी पर जोर
‘लखपति दीदी’ से ‘करोड़पति दीदी’ तक का लक्ष्य, जल संरक्षण-स्वच्छता और नशामुक्ति का लिया जाएगा संकल्प
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर को पूरे प्रदेश में ‘सुधार उत्सव’ मनाया जाएगा। इसके तहत प्रदेश की ग्राम सभाओं में 11 मंत्रालयों से जुड़े एजेंडे पर चर्चा कर ग्रामीण विकास की प्राथमिकताएं तय की जाएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप ग्राम सभाओं को रोजगार, राशन, पेयजल, भूमि संबंधी विषयों और महिला सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित किया जाएगा।
ग्राम सभाओं में ग्रामीण परिवारों को 125 दिन रोजगार की गारंटी, आजीविका के नए अवसर और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर चर्चा होगी।
‘लखपति दीदी’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं को ‘करोड़पति दीदी’ बनाने की दिशा में भी योजनाओं और संभावनाओं पर मंथन किया जाएगा।
इसके साथ ही गांवों में जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर स्थानीय स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने पर जोर रहेगा। बाल विवाह और नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सामूहिक संकल्प भी कराया जाएगा।
सुधार उत्सव’ के जरिए ग्राम सभाओं को केवल औपचारिक बैठक तक सीमित रखने के बजाय विकास योजनाओं, आजीविका, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सुधार से जुड़े विषयों पर संवाद का मंच बनाने की तैयारी है।




