APO और मुख्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर की भूमिका पर उठाए सवाल, जांच की मांग
जेडीयू नेता ओमप्रकाश उपाध्याय ने डीएम व एलआइयू को वाट्सएप पर भेजा ज्ञापन
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुलतानपुर जनपद मनरेगा योजना के पारदर्शी और निष्पक्ष संचालन को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष प्रबुद्ध प्रकोष्ठ ओम प्रकाश उपाध्याय ने सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी से लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों (APO) और मनरेगा सेल मुख्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर के स्थानांतरण की मांग की है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।
डीएम को भेजे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बल्दीराय, लम्भुआ, मोतिगरपुर, कूरेभार, धनपतगंज समेत विभिन्न विकास खंडों में कुछ APO लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात हैं। करौंदीकला विकास खंड में योजना के प्रारंभ से ही एक ही APO के कार्यरत होने का भी दावा किया गया है। ज्ञापन में इसे प्रशासनिक पारदर्शिता की दृष्टि से उचित नहीं बताया गया है।
इसी तरह मनरेगा सेल मुख्यालय में एक कंप्यूटर ऑपरेटर के करीब 20 वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत होने का आरोप लगाते हुए उसके स्थानांतरण की मांग की गई है। ज्ञापन में संबंधित कर्मचारी के व्यवहार को लेकर भी शिकायत किए जाने का उल्लेख है।
ओम प्रकाश उपाध्याय ने कहा कि यदि लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती से संबंधित शिकायतें सामने आ रही हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी से नियमों के अनुरूप स्थानांतरण और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की, ताकि मनरेगा योजना का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी ढंग से पहुंच सके।
ज्ञापन के अनुसार, उक्त मांगों को लेकर आठ अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआइयू) के अधिकारियों को वाट्सएप के माध्यम से ज्ञापन भेजा जा चुका है। अब शिकायत पर प्रशासन की ओर से होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।




