पुलिस लाइन में गूंजा जनसेवा का संकल्प, एसपी विनीत जायसवाल ने दिलाई सत्य-अहिंसा की शपथ
गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस ने दोहराया कर्तव्य और राष्ट्रसेवा का संकल्प
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बुधवार को सुल्तानपुर पुलिस लाइन में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रिजर्व पुलिस लाइन्स के क्वार्टर गार्ड में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर एसपी विनीत जायसवाल ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य और अहिंसा का मार्ग तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणादायी है।
एसपी ने पुलिसकर्मियों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और आमजन के साथ संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ पुलिस की जिम्मेदारी नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करना भी है।
कार्यक्रम के दौरान सुल्तानपुर पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनसेवा, कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग को और मजबूत करने का संकल्प लिया।




