बेटा-बेटी में भेदभाव न करने का आह्वान, समान शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर जोर
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदैया में सेवा संकल्प अभियान एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी वीपी वर्मा और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरपी सिंह की सहअध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 25 नवजात बालिकाओं और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।बालिकाओं के परिजनों को बेबी किट, कपड़े और तौलिया उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने के साथ समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना रहा।जिला प्रोबेशन अधिकारी वीपी वर्मा ने कहा कि बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और पालन-पोषण में बेटे-बेटी के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। दोनों को समान अवसर और शिक्षा देकर बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में परिवार और समाज को आगे बढ़ना होगा। उन्होंने महिला कल्याण विभाग एवं सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरपी सिंह ने नवजात बालिकाओं के परिजनों को बधाई देते हुए बच्चों का समय से नियमित टीकाकरण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीकाकरण बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।जिला मिशन समन्वयक रेखा गुप्ता ने महिला कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा और विकास के लिए उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।इस मौके पर मेडिकल ऑफिसर डॉ. रवीन्द्र कुमार, डॉ. अवनीश कान्त तिवारी, डॉ. अनूप श्रीवास्तव, जेंडर स्पेशलिस्ट सरोज यादव, सामाजिक कार्यकर्ता अर्चना पाल समेत सीएचसी का स्टाफ, बालिकाओं के परिजन और अन्य लोग मौजूद रहे।




