बिहार /Etv News 24
बिहार में भीषण गर्मी के बीच रविवार को मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को चौंका दिया। एक ओर उत्तर और पूर्वी हिस्सों में तेज आंधी और बारिश से राहत मिली, वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार में गर्मी ने कहर बरपा दिया है।राज्य के सुपौल, रक्सौल और मधेपुरा में तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश दर्ज की गई। कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ ओले भी गिरे, जिससे घरों की छतों को नुकसान पहुंचा और कच्चे मकान प्रभावित हुए। आम की फसल को भी भारी क्षति होने की सूचना है। वहीं बेतिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और अररिया में दिनभर आसमान में काले बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहाना बना रहा और लोगों को तपती गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाओं के कारण ‘काल बैसाखी’ जैसी स्थिति बन रही है। इसके प्रभाव से राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा, धूल भरी आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इधर दक्षिण-पश्चिम बिहार के रोहतास और कैमूर में गर्मी ने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रोहतास में अप्रैल महीने में पिछले पांच वर्षों का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। शनिवार को यहां पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पहले के रिकॉर्ड 44.2 डिग्री से भी अधिक है। कैमूर में भी हालात कम गंभीर नहीं हैं, जहां तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। कुल मिलाकर बिहार में इस समय मौसम दो चरम रूपों में नजर आ रहा है। एक तरफ आंधी-बारिश राहत दे रही है, तो दूसरी तरफ रोहतास और कैमूर जैसे जिलों में भीषण गर्मी लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।



