नासरीगंज/रोहतास/Etv News 24
रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डेहरी–बिक्रमगंज मुख्य मार्ग पर इटिम्हा गांव के पास बारात से लौट रही बस और एक हाईवा ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवा ट्रक के चालक और खलासी के दोनों पैर गंभीर रूप से टूट गए। वहीं बस में सवार कई बाराती भी इस हादसे में घायल हो गए, जिनमें दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत पास के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही नासरीगंज थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर सावधानी बरतें और तेज रफ्तार से बचें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।



