कैमूर बिहार/Etv News 24/ब्यूरो रिपोर्ट
बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले में आज से आगामी जनगणना 2027 की तैयारियाँ जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय के मुण्डेश्वरी सभाकक्ष में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस बार की जनगणना की सबसे बड़ी विशेषता इसका डिजिटल होना है।प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना का कार्य मुख्य रूप से दो चरणों में विभाजित किया गया है:स्वगणना (Self-Enumeration): 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 तक कोई भी व्यक्ति स्वेच्छा से ऑनलाइन माध्यम से अपनी गणना स्वयं कर सकता है।घर-घर गणना: 2 मई 2026 से 31 मई 2026 तक प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल ऐप के जरिए घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य संपन्न करेंगे।मकान सूचीकरण के प्रथम चरण में नागरिकों से कुल 33 प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे। जनगणना निदेशालय, बिहार पटना के राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों, श्री नीरज कुमार सिंह और श्री गंगेश कुमार द्वारा डिजिटल माध्यम से इस कार्य को पूरा करने का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया।इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में जनगणना 2027 का परिचय, कानूनी प्रावधान, मानव संसाधन प्रबंधन और आम जनता के बीच इसके महत्व के प्रचार-प्रसार पर विस्तृत चर्चा की गई। जिले में वर्तमान में कुल 11 ग्रामीण और 5 शहरी चार्ज निर्धारित किए गए हैं।प्रशिक्षण में उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित जिले के सभी प्रमुख विभागों के पदाधिकारी, अनुमण्डल पदाधिकारी (भभुआ/मोहनियां) और सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों ने भाग लिया।



