रात के अंधेरे में सरकारी भवनों की दीवारों और चौराहों पर चस्पा किए गए पोस्टर
‘उत्तर प्रदेश बचाओ’ के आह्वान के साथ 2017 से 2023 तक के अपराध आंकड़ों का किया गया जिक्र
उत्तर प्रदेश/ etv news24 /संवाददाता वागीश
सुलतानपुर के जिले में राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों को लेकर लगाए गए पोस्टर चर्चा का विषय बने हुए हैं। शहर के कलेक्ट्रेट गेट समेत विभिन्न सरकारी कार्यालयों की दीवारों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर रात के अंधेरे में पोस्टर चस्पा किए गए। इन पोस्टरों में NCRB की ओर से जारी वर्ष 2017 से 2023 के बीच के अपराध संबंधी आंकड़ों का उल्लेख करते हुए ‘उत्तर प्रदेश बचाओ’ का आह्वान किया गया है।
बताया जा रहा है कि शहर के बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, जिलाधिकारी कार्यालय की दीवारों, सरकारी अस्पतालों, पेट्रोल पंपों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर ये पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टरों के माध्यम से प्रदेश में अपराध की स्थिति को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया है।
रातोंरात शहर के प्रमुख स्थानों पर पोस्टर लगाए जाने के बाद सुबह लोगों की नजर इन पर पड़ी तो चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।




