अब यह सड़क सासाराम प्रखंड में दरिगांव से प्रवेश करेगी और शिवपुर, सिकरिया होते हुए कोटा पहुंचेगी
एनएचआई के तरफ से नये अलाइनमेंट का प्रस्ताव भेजा गया है– जिला भू-अर्जन पदाधिकारी जफर हसन
सासाराम/ब्यूरो रिपोर्ट/ Etv News 24
सासाराम।वाराणसी-रांची-कोलकाता एक्सप्रेसवे का अलाइनमेंट बदल दिया गया है। अब यह सड़क सासाराम प्रखंड में दरिंगाव से प्रवेश करेगी और शिवपुर, सिकरिया होते हुए कोटा पहुंचेगी। यहां से यह एनएच-19 को पार कर ताराचंडी और धोढ़ांड होते हुए तिलोथू प्रखंड के भदसा में सोन नदी पार करेगी। नये अलाइनमेंट का नक्शा एनएचएआई ने जिला भू-आर्जन विभाग को सौंप दिया है। अब इसी के आधार पर रैयतों को नोटिस भेजा जायेगा और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। इस प्रक्रिया में करीब 42 मौजों के रैयतों को नोटिस मिलने की संभावना है।
जिला भू-आर्जन पदाधिकारी जफर हसन ने बताया कि एनएचएआई की ओर से नये अलाइनमेंट का प्रस्ताव भेजा गया। इसके आधार पर राज्य सरकार गजट का प्रकाशन करेगी, जिसके बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। उन्होंने बताया कि सासाराम प्रखंड में सबसे अधिक भूमि का अधिग्रहण होगा। पहले यह सड़क शिवसागर प्रखंड के कोनकी मौजा से सासाराम प्रखंड के दरिंगाव में प्रवेश कर पहाड़ के बीच से होते हुए तिलोथू प्रखंड तक जाती थी। लेकिन अलाइनमेंट बदलने के बाद अब मुरी, करसेरुआ, घमहर, रंगपुर, सोनगावा, सिकरिया, शिवपुर, बेलहर, डंगहर, कोटा और घोढ़ांड मौजा के रैयतों को भूमि अधिग्रहण के लिए नोटिस दिया जायेगा। वही चेनारी और शिवसागर प्रखंड में भूमि अधिग्रहण का कार्य तेजी से चल रहा है। इन दोनों प्रखंडों के 22 मौजों – विरनगर, नारायणपुर, किरनचोला, चोरही, डेंडरिया, केनार खुर्द, सेमरी, सह, बेनिसाल, रघुनाथपुर, बरताली बड़की, बरताली छोटकी, खुजा, खुदनु सिकरौर, करमा, चोर, खुदिया, उदोली, चेनारी, मझौली और कोनकी में भूमि अधिग्रहण किया जा चुका है।
जिले में सोन नदी पर इंद्रीपुरी बराज के पहले भदसा में बनने वाला यह दूसरा पुल होगा। इससे पहले यदुनाथपुर में पदुका पुल का निर्माण है। जानकारी के अनुसार यदि वन विभाग से एनओसी मिल जाती, तो अलाइनमेंट बदलने की जरुरत नहीं पड़ती। ऐसे में बहुत कम रैयतों की जमीन का अधिग्रहण करना पड़ता और परियोजना की लागत भी कम आती। लेकिन वन विभाग की सहमति नहीं मिलने के कारण अलाइनमेंट बदलना पड़ा।



