प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
कल्याणपुर में जागरूकता की अलख विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कल्याणपुर में डॉ. सविता मिश्रा और उनके सहयोगी स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा एक संक्षिप्त लेकिन प्रभावशाली तंबाकू जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। 15 मिनट की इस सत्र में अस्पताल में उपस्थित मरीजों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई।इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का थीम थाः “चमकदार उत्पाद, काली मंशाः आकर्षण का पर्दाफाश”। इसका उद्देश्य तंबाकू और निकोटिन उद्योग द्वारा युवाओं को आकर्षित करने वाली रणनीतियों को उजागर करना है।डॉ. सविता मिश्रा ने बताया कि तंबाकू सेवन से केवल कैंसर या हृदय रोग ही नहीं, बल्कि कई शुरुआती और गंभीर मौखिक समस्याएँ भी उत्पन्न होती हैं, जैसे – मुंह के बार-बार होने वाले छाले, कैंकर सोर, ओरल थ्रश (फंगल संक्रमण), ल्यूकोप्लाकिया (सफेद चकत्ते), एरिथ्रोप्लाकिया (लाल घाव), मसूड़ों की सूजन और बदबूदार सांस। ये लक्षण कई बार मौखिक कैंसर की शुरुआत हो सकते हैं, जिनका इलाज समय रहते जरूरी है।अंत में, सभी मरीजों को तंबाकू से दूर रहने और समाज को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।इस पहल से समाज में तंबाकू के विरुद्ध एक मजबूत संदेश गया।



