करगहर /रोहतास/Etv News 24
बड़हरी थाना क्षेत्र के दिनारा – बरांव पथ पर लडुई मोड़ के समीप गुरुवार की देर शाम अनियंत्रित कार ने दो चचेरे भाईयों को रौंद दिया । जिन्हें ग्रामीणों ने जख्मी हालत में सीएचसी दिनारा में भर्ती कराया । जहां जांचोपरांत चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दुसरे को प्राथमिक चिकित्सा के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया। जहां जख्मी की हालत गंभीर होने लगी तो चिकित्सकों ने वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में रेफर कर दिया ।घटना के संबंध में बताया जाता है कि बड़हरी थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी हनुमान खरवार का 25 वर्षीय पुत्र राजू खरवार तथा श्रीनिवास खरवार का 24 वर्षीय पुत्र किसान खरवार दिनारा से घरेलू सामान की खरीदारी कर गांव लौट रहे थे । इस बीच लड्डई तीखा मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित कार ने बाइक में टक्कर मार दी । टक्कर इतनी जोरदार थी कि सवार दोनों भाई सड़क किनारे पेड़ से टकरा कर गंभीर रूप से जख्मी हो गए और बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना को अंजाम देकर चालक वाहन छोड़ फरार हो गया । ग्रामीणों ने खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया । जहां चिकित्सकों ने राजू खरवार को मृत घोषित कर दिया । जबकि मृतक का चचेरा भाई किसान खरवार वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है । परिजनों ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने तथा अत्यधिक खून निकलने के कारण किसान खरवार की स्थिति गंभीर बनी हुई है । वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों ने बताया कि लड़ुई तीखा मोड़ के समीप वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण किया गया है । पेड़ों और झाड़ियां से घिरे होने की वजह से सामने से आने वाले वाहन और रात में रोशनी भी दिखाई नहीं देती। जिसकी वजह से एक दर्जन से अधिक घटनाएं घट चुकी है । जिसमें सात लोगों की मौत हो चुकी है । जिसकी शिकायत सड़क व वन विभाग से कई बार की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई ।बड़हरी थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया तथा दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है । उन्होंने बताया कि परिजनों द्वारा कार के मालिक व चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है । पुलिस मामले की छानबीन कर रही है ।



