तिलौथू रोहतास/ Etv News 24
तिलौथू क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण उस समय बना, जब 29 अप्रैल 2026 (बुधवार) को ग्राम कोड़र (सरस्वती विद्या मंदिर के निकट) में भगवान बिरसा मुंडा छात्रावास निर्माण हेतु भूमि पूजन समारोह पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। यह छात्रावास स्वर्गीय चक्रपाणि मिश्रा की स्मृति में वनवासी कल्याण आश्रम, बिहार के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस पुनीत कार्य के लिए तिलौथू निवासी ऋषु मिश्रा (पुत्र गोपाल मिश्रा) द्वारा 10 डिसमिल भूमि दान की गई, जिस पर छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। भूमि पूजन का विधि-विधान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ, जिसमें भूमि दाता ऋषु मिश्रा ने अपनी पत्नी के साथ पूजा-अर्चना कर इस कार्य को सफल बनाया।कार्यक्रम में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के सचिव प्रेम पाठक, सह सचिव महेंद्र पासवान, आश्रम के मार्गदर्शक सोमयगुरु की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने अपने आशीर्वचन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह छात्रावास जनजातीय एवं वंचित वर्ग के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगा। उन्होंने तिलौथू, सासाराम एवं कैमूर पहाड़ी क्षेत्र से आए कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया। इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष गोविंद नारायण सिंह, महेंद्र पासवान, डोमा साह, रामलाल उरांव, विनोद उरांव, शशिभूषण प्रसाद, हरिराज कुमार, वैभव कुमार, अभय प्रजापति, उमेश शुक्ल, देव कुमार मिश्रा, संजय चौधरी, अमित कुमार गुप्ता (उपमुखिया), रविंद्र ठाकुर (उप मुखिया), मोहन साह, योगेंद्र कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।साथ ही भगवान बिरसा मुंडा छात्रावास के बच्चे एवं भूमि दाता परिवार के सभी सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।सभा का सफल संचालन वैभव कुमार ने किया, जबकि अतिथियों का परिचय नीतिश कुमार द्वारा कराया गया। कार्यक्रम संयोजक जंगलेश प्रसाद चौधरी ने आभार ज्ञापन करते हुए स्वर्गीय चक्रपाणि मिश्रा के सपनों को याद किया और कहा कि यह छात्रावास उनके शिक्षा-संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के सामूहिक गायन के साथ हुआ। आयोजकों ने बताया कि प्रस्तावित छात्रावास लगभग 50 वनवासी बच्चों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा, जिससे उन्हें बेहतर आवासीय एवं शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। यह परियोजना क्षेत्र में शिक्षा और सामाजिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



