गोपालगंज/बिहार न्यूज डेस्क/ Etv News 24
बिहार में अपराधियों में पुलिस का डर खत्म।इस बार बदमाशों ने सोने-चांदी की दुकान को अपना निशाना बनाया है। महिला चोर के साथ मिलकर 5 बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप से लाखों की चोरी कर ली। घटना गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के बसडिला बाजार की है। जहां चोरी की वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गयी है। सर्राफा व्यवसायी विश्वकर्मा प्रसाद की दुकान अंशु ज्वेलर्स में शनिवार की आधी रात को पांच की संख्या में अपराधी घुसे थे। बदमाशों ने बाउंड्री फांद कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
दुकान के शटर को तोड़कर चोर आसानी से अंदर घुसे और लाखों का माल साफ कर आसानी से फरार हो गये। इस दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी के सेटअप बॉक्स को भी वो अपने साथ उखाड़ ले गये हालांकि बगल के दुकान में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में चोरों की करतूत कैद हो गयी। जिसमें लुंगी पहने हुए कुछ लोगों के साथ सफेद साड़ी में एक महिला भी दिख रही है। इन लोगों ने ही मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि इस मामले में कांड दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।



