प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
समस्तीपुर शहर में एक बड़ी चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। नगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को अंजाम देने वाले शातिर अपराधियों को पकड़ने में पुलिस ने तेजी दिखाई और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए न केवल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया बल्कि लाखों की नगदी और भारी मात्रा में चांदी-सोने जैसे आभूषण भी बरामद किए हैं। यह केस समस्तीपुर पुलिस के लिए एक चुनौती था, जिसे उसने पेशेवर तरीके से हल किया।घटना 27 अप्रैल 2025 की है, जब नगर थाना क्षेत्र के खान मार्केट स्थित एक घर में खिड़की तोड़कर चोरों ने सेंध लगाई थी। मामले को लेकर नगर थाना में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर छापेमारी शुरू की।जांच में सबसे पहले मजहर ईमाम उर्फ तौशीफ को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रवि कुमार गुप्ता के मकान से नकदी और गहने चुराए थे। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 5 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के कुल 200 से अधिक जेवरात जब्त किए गए।

पुलिस ने इस गिरोह के कुल सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है:
मजहर ईमाम उर्फ तौशीफ (19)
मो. इरमान उर्फ नोनी (20)
मो. दानिश (22)
मो. नैय्यर रजा उर्फ कैय्यर (20)
सौरभ कुमार (20)
मो. आसिफ (19)
नुरजहाँ खातुन (45)
इन सभी की गिरफ्तारी नगर थाना क्षेत्र से की गई है। अपराधियों के पास से बरामद सामानों में 29 अंगूठियां, 108 रूद्राक्ष की माला, केदारनाथ का सिक्का, मांगटीका, बाली, टॉप, हार, पायल, बिछिया, कमरबंद, मूर्तियां, और यहां तक कि भगवान कृष्ण का चांदी का सिक्का भी शामिल है। पुलिस ने चोरी के लिए प्रयुक्त तकनीक और गिरोह की कार्यशैली का भी विश्लेषण किया है।जांच में यह भी सामने आया है कि पकड़े गए कई अपराधियों की पूर्व में भी आपराधिक पृष्ठभूमि रही है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। वहीं चोरी में शामिल अन्य आरोपियों और शेष सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव और तकनीकी शाखा से जुड़े अन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने विशेष टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।



