विधानसभा की 403 सीटें बढ़कर 605 और लोकसभा की 80 से 120 होने का दावा, प्रबुद्ध वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने की उठाई मांग
सभी दलों से विधेयक का समर्थन करने की अपील, ग्रामीण-शहरी संतुलन के आधार पर हो सीटों का निर्धारण
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनता दल (यूनाइटेड) उत्तर प्रदेश के प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश उपाध्याय ने संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने तथा प्रस्तावित परिसीमन के तहत लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि के केंद्र सरकार के कदम का स्वागत किया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। उनका कहना है कि इस प्रस्ताव से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश को विशेष लाभ मिलने की संभावना है।
ओम प्रकाश उपाध्याय ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने पर उत्तर प्रदेश विधानसभा की वर्तमान 403 सीटें बढ़कर 605 और लोकसभा की 80 सीटें बढ़कर 120 हो सकती हैं। इससे प्रदेश में जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ेगी और जनता की समस्याओं को सदन तक पहुंचाने के लिए अधिक अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को देखते हुए प्रतिनिधित्व का विस्तार समय की मांग है। राष्ट्रीय स्तर पर भी लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 किए जाने का प्रस्ताव लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने परिसीमन की प्रक्रिया में प्रबुद्ध वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। कहा कि शिक्षक, अधिवक्ता, चिकित्सक, बुद्धिजीवी और समाज के अन्य जागरूक वर्गों को इस प्रक्रिया में उचित स्थान मिलना चाहिए, ताकि निर्णय व्यापक सामाजिक हितों को ध्यान में रखकर लिए जा सकें। नई सीटों के निर्धारण में भौगोलिक परिस्थितियों के साथ ग्रामीण और शहरी आबादी के बीच संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।
जदयू नेता ने कहा कि महिला आरक्षण का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों की शिक्षित महिलाओं को भी राजनीति में आगे आने का अवसर मिले। इसके लिए प्रशिक्षण, राजनीतिक जागरूकता और प्रोत्साहन कार्यक्रम चलाए जाने चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से दलीय हितों से ऊपर उठकर प्रस्तावित विधेयक का समर्थन करने की अपील की, ताकि इसे सर्वसम्मति से आगे बढ़ाया जा सके।
उपाध्याय ने विश्वास जताया कि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़ी यह पहल महिलाओं को नीति-निर्माण में प्रभावी भागीदारी दिलाने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को नई मजबूती देगी। साथ ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




