तीन पार्कों का किया उद्घाटन, महिला बंदियों के मामलों की ली जानकारी
जेल की व्यवस्थाओं और नवाचारपूर्ण कार्यों की सराहना की
सासाराम/रोहतास/Etv News 24
पटना हाई कोर्ट के निरीक्षी न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव राय ने रविवार को मंडल कारा सासाराम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर में नवनिर्मित आजाद पार्क, उमंग पार्क और आनंद कुटीर का उद्घाटन किया। इसके बाद जेल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जेल में किए जा रहे रचनात्मक एवं नवाचारपूर्ण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यों को अन्य जेलों में भी अपनाया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति ने महिला वार्ड का जायजा लिया और महिला बंदियों से उनके मामलों की जानकारी ली। इस दौरान महिला बंदियों के बीच ऊनी वस्त्रों का वितरण भी किया गया। उन्होंने छोटे एवं कम गंभीर मामलों में बंद महिला बंदियों की शीघ्र रिहाई सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। संगीन धाराओं व गम्भीर मामलों को छोड़कर अन्य मामलों में पात्र बंदियों की रिहाई की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
न्यायमूर्ति ने उत्पाद से संबंधित मामलों की भी गहन समीक्षा की। इन मामलों के पूरे तथ्यों के साथ अगले दिन आयोजित होने वाली डीएलएमसी की बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश डालसा सचिव एवं जेल अधीक्षक को दिया। वहीं, जेल परिसर में खुली नालियों को तत्काल ढकने, शौचालयों का आवश्यकतानुसार उन्नयन कराने तथा छतों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने डीएफओ को जेल परिसर में पेड़ों की छंटाई कराने और पौधारोपण के लिए पौधे उपलब्ध कराने को भी कहा।
बंदियों की पढ़ाई-लिखाई, शिक्षण व्यवस्था एवं प्रशिक्षण के कार्यों पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के बाद न्यायमूर्ति राजीव राय ने कहा कि जेल का माहौल अच्छा है और यहां का वातावरण काफी सुखद एवं शांत है। जेल अधीक्षक ने व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास किए हैं, जो यहां की प्रगति में दिखाई देते हैं। हालांकि, कुछ मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्यों पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है, जिसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने जेल अधिकारियों को बेहतर कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुज कुमार जैन, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय प्रणव कुमार झा, डालसा सचिव कुमार कृष्ण देव, एसडीजेएम नीलेश भारद्वाज, जेल अधीक्षक सुजीत कुमार राय, उपाधीक्षक सीतेश कुमार सिंह, सहायक अधीक्षक सुरेश प्रसाद सहित जेलकर्मी गुड्डू गिरी, सीतेश कुमार एवं अन्य कर्मी मौजूद थे।




