जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनीं 150 लोगों की फरियाद, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश
इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया भरोसा, गोशाला में गोवंश को खिलाया गुड़
गोरखपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई होगी। किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता की समस्याओं का त्वरित और न्यायपूर्ण समाधान सरकार की प्राथमिकता है। यह निर्देश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को दिए।
शनिवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास किया। रविवार सुबह महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में उन्होंने विभिन्न जिलों से आए करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री खुद कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनके प्रार्थना पत्रों को देखा। उन्होंने सभी को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कराया जाएगा।
जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी की जमीन पर जबरन कब्जा करने और कमजोर लोगों को परेशान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, जमीन से जुड़े पारिवारिक विवादों में आपसी संवाद के माध्यम से समाधान निकालने और सभी पक्षों की न्यायपूर्ण हिस्सेदारी सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। सरकार जरूरतमंदों को इलाज के लिए हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज के लिए अस्पतालों से मिलने वाले एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को भेजी जाए, ताकि पीड़ितों को समय से सहायता मिल सके।
गोशाला में गोवंश को दुलारा, अपने हाथों से खिलाया गुड़
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रविवार सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने सबसे पहले गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धा से मत्था टेका। मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए वह गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ समय गोवंश के बीच बिताया। मुख्यमंत्री ने गोवंश को दुलारते हुए अपने हाथों से गुड़ खिलाया। इस दौरान एक गोवंश को गुड़ खिलाने के बाद उन्होंने स्नेहिल अंदाज में पूछा, ‘हो गया न, और खाएगा?’ मुख्यमंत्री का यह आत्मीय व्यवहार वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।




