बकाया टैक्स और ब्याज चुकाने पर पोर्टल से ही रद्द होगा पंजीकरण, अधूरे आवेदन अधिकारी के पास भेजे जाएंगे
केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना, केंद्रीय माल एवं सेवा कर नियमावली में किया गया संशोधन
नई दिल्ली/Etv News 24/संवाददाता वागीश
जीएसटी पंजीकरण रद्द कराने की प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र सरकार ने केंद्रीय माल एवं सेवा कर (सीजीएसटी) नियमावली, 2017 में संशोधन किया है। वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के अधीन केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने 25 नवंबर 2026 को अधिसूचना संख्या 08/2026-केंद्रीय कर जारी कर नए प्रावधानों की जानकारी दी है। ये संशोधित नियम एक दिसंबर 2026 से प्रभावी होंगे।
अधिसूचना के अनुसार, केंद्रीय माल एवं सेवा कर नियम, 2017 के नियम 20 में उपनियम (5) और (6) को नए सिरे से प्रतिस्थापित किया गया है। इसके तहत जीएसटी पंजीकरण रद्द कराने के लिए आवेदन करने वाले करदाताओं को निर्धारित विवरण और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। साथ ही उनके जिम्मे बकाया कर, ब्याज, शुल्क, शास्ति या अन्य देय राशि का भुगतान भी जरूरी होगा।
नए प्रावधान के मुताबिक, यदि करदाता ने निर्धारित समय के भीतर आवेदन के साथ आवश्यक विवरण प्रस्तुत कर दिए हैं और सभी देय कर, ब्याज, शुल्क या अन्य रकम का भुगतान कर दिया है तो उसका जीएसटी पंजीकरण सामान्य पोर्टल के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक रूप से रद्द कर दिया जाएगा। इसकी सूचना संबंधित करदाता को जीएसटी आरईजी-38 (GST REG-38) प्रारूप में इलेक्ट्रॉनिक रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं, यदि निर्धारित विवरण प्रस्तुत नहीं किए गए हैं अथवा लागू होने की स्थिति में जीएसटी सीएमपी-08 में आवश्यक जानकारी नहीं दी गई है या बकाया कर, ब्याज, शुल्क और अन्य देय राशि का भुगतान नहीं किया गया है तो संबंधित आवेदन जांच के लिए उचित अधिकारी को भेजा जाएगा। इस व्यवस्था से नियमों का पालन करने वाले करदाताओं को पंजीकरण रद्द कराने में सहूलियत मिलेगी, जबकि अधूरे आवेदन की जांच अधिकारी स्तर पर की जाएगी।
अधिसूचना पर वित्त मंत्रालय की ओर से अवर सचिव कृति पाण्डेय के हस्ताक्षर हैं। सरकार का यह संशोधन जीएसटी पंजीकरण रद्द कराने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।




