मिसिरपुर जलालपुर गांव में हुआ हादसा, सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सीओ और नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, पत्नी और तीन बेटों का रो-रोकर बुरा हाल
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/ संवाददाता वागीश
जनपद सुलतानपुर के अखण्डनगर के कोतवाली कादीपुर क्षेत्र के मिसिरपुर जलालपुर गांव में गुरुवार शाम ट्रांसफार्मर पर काम करते समय करंट की चपेट में आने से निजी लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अखण्डनगर थाना क्षेत्र के दहलवा गांव निवासी दुर्गा प्रसाद (38) पुत्र बलजोर अलीपुर विद्युत उपकेंद्र पर निजी लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। गुरुवार शाम करीब साढ़े तीन बजे वह मिसिरपुर जलालपुर गांव में टावर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और ट्रांसफार्मर पर ही लटक गया।
ग्रामीणों की सूचना पर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा और एसएसआई संतोष कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. सुधीर कुमार बरनवाल ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही सीएचसी पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। थाना प्रभारी कादीपुर दीपेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह और नायब तहसीलदार कादीपुर कौशल कान्त मिश्रा ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और घटना की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मृतक अपने पीछे पत्नी प्रियंका देवी और तीन पुत्रों प्रिंस, अंशू व मनीष को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।




