लम्भुआ में रेलवे ट्रैक पर मिला शव छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौट रहा था जवान
17वीं बटालियन राजपूत रेजीमेंट में था तैनात
सोनभद्र के दुद्धी का निवासी था मृतक, हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
लम्भुआ रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर पश्चिम रेलवे ट्रैक पर बेगमपुरा एक्सप्रेस से गिरकर एक सैन्य जवान की मौत हो गई। बुधवार को पोल संख्या 894/6 और 894/7 के बीच जवान का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान अनूप कुमार यादव (34) पुत्र महेश यादव निवासी ग्राम अनपरा औरी, दुद्धी, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। वह भारतीय सेना की 17वीं बटालियन राजपूत रेजीमेंट में तिवरी, गुरदासपुर (पंजाब) में तैनात थे। बताया जा रहा है कि छुट्टी बिताने के बाद वह वापस ड्यूटी पर लौट रहे थे। बेगमपुरा एक्सप्रेस से वाराणसी होते हुए सोनभद्र जा रहे थे। इसी दौरान लम्भुआ स्टेशन के पास ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि अनूप कुमार यादव सोनभद्र के पूर्व चेयरमैन के भतीजे थे। जीआरपी ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन घटना की जानकारी मिलने के बाद से बदहवास हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




