गांव से करीब 100 मीटर दूर पड़ा था शव, परिजनों में मचा कोहराम
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मौत की वजह जानने में जुटी टीम
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
चांदा कोतवाली क्षेत्र के घूरीपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव से करीब 100 मीटर दूर स्थित सार्वजनिक शौचालय के पीछे एक 16 वर्षीय दलित किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान घूरीपुर गांव निवासी रामचरन के पुत्र अमन (16) के रूप में हुई है। किशोर का शव संदिग्ध हालात में मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने किशोर की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
सूचना मिलने पर चांदा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।




