गांवों की सुरक्षा में ग्राम प्रहरियों की अहम भूमिका, अपराध नियंत्रण में सहयोग पर दिया जोर
सुरक्षित और आत्मनिर्भर गांव ही विकसित भारत की मजबूत नींव: योगी आदित्यनाथ
बरेली उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जनपद बरेली में पुलिस सहयोग और अपराध नियंत्रण में सराहनीय योगदान देने वाले प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने गांवों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम प्रहरियों की सजगता और सतर्कता से गांवों को सुरक्षित बनाने में मदद मिलती है। गांवों में शांति एवं सुरक्षा का माहौल कायम रखने और अपराध नियंत्रण में पुलिस को सहयोग देने में ग्राम प्रहरियों का योगदान अहम है। उनकी सक्रियता से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिलती है।
सीएम योगी ने कहा कि सुरक्षित गांव ही आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। आत्मनिर्भर और सुरक्षित गांव विकसित भारत के संकल्प की मजबूत नींव हैं। उन्होंने ग्राम प्रहरियों के योगदान को रेखांकित करते हुए गांवों में सुरक्षा और सतर्कता की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और ग्राम प्रहरियों के बीच समन्वय को प्रोत्साहित करना तथा अपराध नियंत्रण में उनके योगदान को सम्मान देना रहा।




