दोमुंहा के श्री साईं बाबा शिक्षण संस्थान में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों की चलती रहीं कक्षाएं
परीक्षा का हवाला देकर विद्यालय प्रबंधन ने नहीं किया अवकाश आदेश का पालन, कार्रवाई पर टिकी निगाहें
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
जिले में शनिवार को कक्षा एक से आठ तक के सरकारी और अर्धसरकारी शिक्षण संस्थानों में अवकाश के आदेश के बावजूद भदैया ब्लॉक के दोमुंहा के पास स्थित श्री साईं बाबा शिक्षण संस्थान खुला रहा। जिले के कई अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल बंद रहे, जबकि इस विद्यालय में बच्चों को रोजाना की तरह स्कूल पहुंचना पड़ा।
इससे बेसिक शिक्षा विभाग के आदेशों के अनुपालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जाता है कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) उपेंद्र गुप्ता की ओर से कक्षा एक से आठ तक के सरकारी और अर्धसरकारी शिक्षण संस्थानों में अवकाश का आदेश जारी किया गया था। इसके बावजूद संबंधित विद्यालय में कक्षाएं संचालित होने की बात सामने आई। विद्यालय प्रबंधन की ओर से परीक्षा चलने का हवाला देकर छुट्टी नहीं किए जाने की बात कही गई। ऐसे में सवाल उठता है कि जब अवकाश का आदेश जारी था, तो परीक्षा के नाम पर विद्यालय खोलने का निर्णय किस आधार पर लिया गया।
बच्चों के स्कूल पहुंचने पर उठे सवाल
विद्यालय खुला रहने के कारण बच्चों को स्कूल जाना पड़ा। इस मामले में संस्थान के व्यवस्थापक दीपू तिवारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने विद्यालय खुला होने की बात स्वीकार की।
हालांकि, आदेश के बावजूद स्कूल संचालित किए जाने के संबंध में पूछे गए सवालों का उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। व्यवस्थापक ने केवल इतना कहा कि बच्चे अपने आप स्कूल चले आए थे। दूसरी ओर, बच्चों के बस से विद्यालय पहुंचने की बात भी सामने आई है। ऐसे में प्रबंधन के इस जवाब पर सवाल उठ रहे हैं।
जांच और कार्रवाई का इंतजार
मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि अवकाश का आदेश जारी होने के बावजूद विद्यालय में कक्षाएं संचालित करने की अनुमति किसने दी। क्या विद्यालय प्रबंधन ने विभागीय आदेश की अनदेखी की या इस संबंध में कोई अलग निर्देश था? इन बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। अब निगाहें बेसिक शिक्षा विभाग पर टिकी हैं कि वह मामले का संज्ञान लेकर जांच कराता है या नहीं। जांच के बाद ही आदेश के उल्लंघन और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।




