एआई कैमरों से हुई निगरानी, लखनऊ के दो केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
राजधानी लखनऊ उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज की ओर से विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में प्राचार्य पद की लिखित परीक्षा बुधवार को लखनऊ के दो परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक आयोजित की गई।
परीक्षा के दौरान आयोग में स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी की गई। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की मौजूदगी में केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए एआई कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों की सतत निगरानी की गई।
*813 में से 722 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल आयोग की विज्ञप्ति के अनुसार परीक्षा के लिए कुल 813 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 722 यानी 88.81 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति *90.36 प्रतिशत, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 88.36 प्रतिशत रही।*
नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा का दावा
आयोग ने बताया कि निर्धारित दोनों केंद्रों पर परीक्षा सुचारु, पारदर्शी, नकलविहीन, शुचितापूर्ण और निर्विघ्न वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ।




