तिलौथू रोहतास/ Etv News 24
तिलौथू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के समीप पीएचडी विभाग की नल-जल योजना से जुड़ी पेयजल व्यवस्था को तकनीकी खराबी दूर कर पुनः बहाल कर दिया गया। लंबे समय से जले हुए उपकरणों के कारण प्रभावित नल-जल योजना के उपकरणों को बदलकर नए उपकरण लगाए गए। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर नल-जल व्यवस्था को दोबारा चालू किया गया।
सासाराम विधायक की ओर से विधायक प्रतिनिधि कृष्णा कुमार ने पूजा-पाठ कर नल-जल योजना के पुनः संचालन का शुभारंभ किया। व्यवस्था बहाल होने से पीएचसी के आसपास रहने वाले लोगों तथा स्थानीय नागरिकों को पेयजल की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर जदयू महासचिव संतोष शुक्ला, जदयू प्रखंड अध्यक्ष संतोष कुशवाहा, जदयू नेता सह पैक्स अध्यक्ष राजकुमार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने नल-जल व्यवस्था दोबारा शुरू होने पर खुशी जताई। लोगों ने कहा कि पेयजल की सुविधा सुचारू रूप से चलती रहे, इसके लिए उपकरणों की नियमित निगरानी और समय-समय पर रखरखाव जरूरी है। लोगों ने संबंधित विभाग से व्यवस्था की नियमित देखरेख करने की मांग की, ताकि भविष्य में तकनीकी खराबी के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित न हो।




