CASA और सरकारी प्रिंटिंग प्रेस के बीच बदहाल सड़क, जलभराव से बढ़ी राहगीरों की परेशानी
मंत्री-अधिकारी और प्रेसकर्मी भी गुजरते हैं इसी मार्ग से, फिर भी सड़क की दुर्दशा पर कब जागेंगे जिम्मेदार
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ राजधानी की वीआइपी सड़कों में शामिल मार्गों पर भी बदहाली के नजारे सामने आ रहे हैं। CASA और सरकारी प्रिंटिंग प्रेस के बीच सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, उखड़ी गिट्टी और जलभराव राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है तथा दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।
इस मार्ग से रोजाना मंत्री, विधायक, अधिकारी, मीडियाकर्मी और अन्य वीआइपी लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति लंबे समय से सवाल खड़े कर रही है। गड्ढों के कारण वाहनों की रफ्तार प्रभावित हो रही है, वहीं जलभराव के बीच गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।
सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का सवाल है कि जब राजधानी के प्रमुख मार्गों की यह स्थिति है तो शहर के दूसरे इलाकों में सड़क व्यवस्था का क्या हाल होगा।
अब देखना यह है कि लोक निर्माण विभाग और नगर निगम इस सड़क की स्थिति का संज्ञान लेकर कब तक मरम्मत कराते हैं। क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करेंगे या उससे पहले ही सड़क को गड्ढामुक्त किया जाएगा?




