एमएलसी चुनाव: छह शिक्षक और पांच स्नातक सीटों पर 23 को वोटिंग
स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना, 27 अक्टूबर को मतगणना
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
राजधानी लखनऊ उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। आयोग के अनुसार यूपी समेत बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की विधान परिषदों के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 28 सीटों के लिए चुनाव कराया जाना है।
यूपी की 11 सीटों में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ से इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी से आशुतोष सिन्हा, आगरा से डा. मनवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरुजी’, मेरठ से दिनेश कुमार गोयल तथा इलाहाबाद-झांसी से डा. मान सिंह यादव शामिल हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ से उमेश द्विवेदी, वाराणसी से लाल बिहारी यादव, आगरा से डा. आकाश अग्रवाल, मेरठ से श्रीचंद शर्मा, बरेली-मुरादाबाद से डा. हरि सिंह धिल्लो तथा गोरखपुर-फैजाबाद से ध्रुव कुमार त्रिपाठी की सीटें शामिल हैं।
आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 29 सितंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गई है।
सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नौ अक्टूबर तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी और 31 अक्टूबर तक चुनावी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।




