आकाश आनंद के फोन का भी मायावती ने किया जिक्र, पार्टी के भीतर बढ़ी सियासी हलचल
बहन जी बीमार हैं?’ आकाश के सवाल पर मायावती ने जताई मंशा पर शंका
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/ संवाददाता वागीश कुमार
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने अपनी सेहत को लेकर चल रही चर्चाओं और कथित अफवाहों पर रविवार को स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने न्यूज एजेंसियों को बुलाकर वीडियो जारी किया और कहा कि उनके बीमार होने की बातें भ्रामक हैं। मायावती ने स्पष्ट किया कि वह स्वस्थ हैं और पार्टी के कामकाज को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं।मायावती ने बताया कि उनकी ओर से लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से बयान आने के कारण कुछ लोगों के बीच उनके स्वास्थ्य को लेकर भ्रम पैदा किया जा रहा था। इसी को दूर करने के लिए उन्होंने वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।मायावती के मुताबिक, इसी बीच उनके भतीजे आकाश आनंद ने रात में पार्टी से जुड़े पदाधिकारी को फोन कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि आकाश ने पूछा कि क्या बहन जी बीमार चल रही हैं। पार्टी पदाधिकारी की ओर से उन्हें बताया गया कि मायावती बिल्कुल ठीक हैं। इसके बाद आकाश ने कथित तौर पर इस बातचीत की जानकारी मायावती को न देने की बात कही।इस घटनाक्रम को लेकर मायावती ने आकाश आनंद की फोन करने की मंशा पर सवाल उठाया। उन्होंने आकाश पर अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में काम करने का आरोप भी लगाया है।बसपा में आकाश आनंद को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार उठापटक चल रही है। मायावती उन्हें पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर चुकी हैं और शनिवार को उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके भाई आनंद कुमार के बेटों को पार्टी में किसी छोटे-बड़े पद पर रहते हुए राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।




