सासाराम रोहतास/ Etv News 24
सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिला पदाधिकारी दीपक मिश्रा की अगुवाई में जिला प्रशासन द्वारा बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले लोगों को रोककर उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान प्रशासन की ओर से कई बाइक चालकों को निःशुल्क हेलमेट भी उपलब्ध कराया गया।जागरूकता अभियान के दौरान बिना हेलमेट पकड़े गए बाइक चालकों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया और उन्हें समझाया गया कि हेलमेट पुलिस से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। अधिकारियों ने बाइक चालकों से हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने की अपील की।जिला प्रशासन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट जीवनरक्षक साबित हो सकता है। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपक मिश्रा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वयं हेलमेट पहनें और अपने परिवार के सदस्यों को भी हेलमेट पहनकर बाइक चलाने के लिए प्रेरित करें। प्रशासन का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि सड़क हादसों में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम करना है।




