नई दिल्ली/पटना/Etv News 24
देश की न्यायपालिका में 16 जून का दिन कई बड़े प्रशासनिक और न्यायिक बदलावों का गवाह बन सकता है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की प्रस्तावित बैठक में देश के कई हाईकोर्टों के लिए नए मुख्य न्यायाधीशों (चीफ जस्टिस) की नियुक्ति और स्थानांतरण पर विचार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।सूत्रों के अनुसार देश के कम से कम छह हाईकोर्टों में नए मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। यदि कॉलेजियम इन नामों पर सहमति जताता है तो मुंबई, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख, मध्यप्रदेश, पटना, राजस्थान, पंजाब-हरियाणा और गुजरात हाईकोर्ट को नए मुख्य न्यायाधीश मिल सकते हैं।वर्तमान में देश के अनेक हाईकोर्टों में मुख्य न्यायाधीश के पद रिक्त हैं या फिर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश व्यवस्था के तहत न्यायिक कार्य संचालित हो रहे हैं। ऐसे में यह बैठक न्यायपालिका के प्रशासनिक ढांचे के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।इन नामों पर लग सकती है मुहरन्यायिक सूत्रों के अनुसार पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा को स्थायी मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया जा सकता है। वहीं पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस दीपक सिब्बल का नाम भी चर्चा में है, जिन्हें किसी अन्य राज्य के हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश बनाकर भेजा जा सकता है।इसके अलावा दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस वी. कामेश्वर राव, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जस्टिस संजय के. अग्रवाल, मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विवेक रूसिया तथा गुजरात हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस अल्पेश वाई. कोगजे के नाम भी संभावित मुख्य न्यायाधीशों की सूची में बताए जा रहे हैं।सूत्रों के अनुसार गुजरात हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सुनीता अग्रवाल का तबादला कर उन्हें राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की भी चर्चा है। हालांकि इन सभी नामों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।पटना हाईकोर्ट में भी नियुक्ति की संभावनापटना High Court में भी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति किए जाने की संभावना है। वहां की मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मीनाक्षी मदन राय आगामी 11 जुलाई को सेवानिवृत्त होने जा रही हैं, जिसके चलते नए नेतृत्व को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।राजस्थान हाईकोर्ट को लेकर बढ़ी हलचल16 जून की बैठक को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सूत्रों के अनुसार राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश एवं कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा का स्थानांतरण जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट में किया जा सकता है।जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा पिछले लगभग नौ माह से राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं। कॉलेजियम उन्हें किसी अन्य हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत कर सकता है, हालांकि उनकी वरिष्ठता को लेकर कॉलेजियम के भीतर क्या राय बनती है, इस पर अभी भी नजरें टिकी हुई हैं।यदि प्रस्तावित बदलावों पर मुहर लगती है तो राजस्थान हाईकोर्ट की प्रशासनिक संरचना और वरिष्ठता क्रम में महत्वपूर्ण परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं। साथ ही न्यायिक कार्यों के संचालन और लंबित मामलों के निस्तारण में भी नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।फिलहाल न्यायिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं, लेकिन अंतिम तस्वीर 16 जून को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बैठक और उसके बाद जारी होने वाली आधिकारिक सिफारिशों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



