प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
समस्तीपुर : डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में आयोजित ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम के तहत सोमवार को समस्तीपुर के प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर व आर्टिस्ट कुंदन कुमार रॉय को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। कॉलेज ऑफ कम्युनिटी साइंस की डीन डॉ. ऊषा सिंह तथा असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गायत्री (चेयरमैन, आर्ट्स एंड क्राफ्ट क्लब) द्वारा उन्हें पुष्प-गुच्छ, स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मान प्रदान किया गया।यह लगातार चौथा वर्ष है जब कुंदन कुमार रॉय दीक्षारंभ में मुख्य अतिथि के रूप में छात्रों को मोटिवेशन और कला की विशेष शिक्षण सत्र प्रदान कर रहे हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुंदन कुमार रॉय ने कहा की जीवन कितना भी अंधेरा क्यों न हो, उम्मीद कभी नहीं छोड़नी चाहिए। सबसे घने अंधेरे के बाद ही सूर्य का उदय होता है। उन्होंने मिथिला पेंटिंग की बारीकियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को बॉर्डर, पत्ते, कमल, चिड़िया, हिरन और राधा–कृष्ण की आकृतियाँ बनाना भी सिखाया। सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया।गौरतलब है कि वर्ष 2022-23 से विश्वविद्यालय नव-प्रवेशित स्नातक छात्रों के लिए एक संरचित दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है, जिसका उद्देश्य छात्रों में चरित्र निर्माण, भारतीय विरासत व सांस्कृतिक मूल्यों का संचार तथा आरपीसीएयू की शैक्षणिक परंपरा से परिचित कराना है। इस वर्ष दीक्षारंभ कार्यक्रम 24 नवंबर से 13 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें लगभग 450 स्नातक छात्र भाग ले रहे हैं।



