सासाराम/रोहतास/Etv News 24
सासाराम शहर के गौरक्षणी मोहल्ले में महावीर मंदिर के समीप शुक्रवार को एक ट्रक ने बाइक सवार छात्र को कुचल दिया। घटना में करमडिहरी गांव निवासी अनिल चौधरी का पुत्र 20 वर्षीय गौरव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गौरव शुक्रवार की सुबह अपनी बाइक से शहर के गौरक्षणी स्थित अपने कोचिंग जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने कुराइच महावीर मंदिर के समीप उसे कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद चालक भीड़भाड़ वाले इलाके से ट्रक लेकर आराम से फरार हो गये, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इस घटना के तुरंत बाद नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सदर एसडीएम आशुतोष रंजन और एसडीपीओ वन दिलीप कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन के आश्वासन के बाद सड़क जाम समाप्त हुआ। इस संबंध में एसडीपीओ-1 ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जा रही है। एसडीएम व एसडीपीओ के आश्वासन पर हटे लोग इस घटना के बाद सड़क पर परिचालन बाधित करने वाले लोगों का कहना था कि नो इंट्री के बावजूद अक्सर पूरे दिन शहर में ट्रकों का परिचालन होता रहता है। अगर, यातायात पुलिस की ओर से नो इंट्री का अनुपालन सख्ती से किया जाता, तो युवक की जान बच सकती थी। घटना के संदर्भ में सदर एसडीएम आशुतोष रंजन ने कहा कि, ‘सड़क दुर्घटना में हुई एक युवक की मौत के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों को सड़क से हटा दिया गया है और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की प्रक्रिया की जा रही है।‘ साथ हीं उन्होंने बताया कि, ‘नो एंट्री में ट्रक से हुई दुर्घटना को लेकर SP से बात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’



