कार्रवाई नहीं होने से आसपास के लोगों में फूटा आक्रोश
कोचस/रोहतास/रमेश कुमार पांडेय/Etv News 24
नगर पंचायत क्षेत्र के सासाराम रोड स्थित स्टेट हाइवे 17 के पश्चिमी सर्विस लेन में गत महीने से गंदे पानी का जमाव होने से आसपास का जनजीवन प्रभावित हो गया है।इसके स्थायी निराकरण की मांग इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप की मालकिन पूनम देवी ने नगर प्रशासन से की है।उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप के समीप सर्विस लेन की नालियां टूट कर क्षतिग्रस्त हो गयी है.इसके कारण इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने जलजमाव हो गया है।अधिक दिनों से जलजमाव होने से वहां की सड़क बड़े-बड़े गड्ढे में तब्दील हो गयी है।इससे आये दिन छोटे वाहन चालक गड्ढों में गिर कर चोटिल हो रहे हैं।वहीं,पंप के समीप जमे गंदे पानी से निकल रही दुर्गंध से पंपकर्मियों के साथ डीजल-पेट्रोल लेने आ रहे दो पहिया व चार पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है।इससे पिछले दिनों की अपेक्षा आये दिन कारोबार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ना शुरू हो गया है।उन्होंने कहा कि कई बार इसकी शिकायत नगर प्रशासन से की,बावजूद इसके अधिकारियों के लापरवाही के कारण अब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर इसका स्थायी निराकरण नहीं किया गया।तो इसकी शिकायत डीएम सहित पेट्रोलियम मंत्रालय के अधिकारियों से की जायेगी।इस संबंध में नगर स्वच्छता पदाधिकारी प्रीति आर्या ने बताया कि पानी निकासी को लेकर बेहतर कदम उठाए जा रहे हैं।



