प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
समस्तीपुर कर्पूरीग्राम- ताजपुर-पातेपुर- महुआ- भगवानपुर नई रेल लाईन योजना को मंजूरी दिलाने को लेकर भाकपा माले आंदोलन शुरू करेगी।इस आशय की जानकारी बृहस्पतिवार को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से देते हुए भाकपा-माले जिला स्थाई समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि पूरब में समस्तीपुर, पश्चिम में भगवानपुर, उत्तर में कर्पूरीग्राम एवं दक्षिण में पटोरी के बीच बड़ी आबादी वाला समतल भूभाग के महत्व को देखते हुए कर्पूरी ठाकुर, ललित नारायण मिश्र, रामविलास पासवान के सतत प्रयास सेकर्पूरीग्राम-ताजपुर-पातेपुर-महुआ-हाजीपुर रेल लाईन का लोकसभा में प्रस्ताव लाया गया। प्रस्ताव मंजूर भी हुआ। नई रेल लाईन का सर्वे भी हुआ लेकिन फिर यह ठंढ़े बस्ते में चला गया। हालांकि इस लाईन की मंजूरी के लिए भाकपा माले, रेल विकास एवं विस्तार मंच आदि का आंदोलन जारी रहा। आंदोलन की धमक से कभी लोकसभा में तत्कालीन लोजपा सांसद प्रिंस पासवान तो कभी बिहार विधानसभा में समस्तीपुर राजद विधायक अख्तरूल इस्लाम शाहीन आदि उठाते रहे। 2024 में पुनः बिहार सरकार ने रेल मंत्रालय को नई रेल लाईन निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा लेकिन अग्रगति लेने के बजाय मामला वहीं अटका हुआ है।नई रेल लाईन की जनाकांक्षा को देखते हुए भाकपा माले एवं इसके दर्जनभर जनसंगठन ने पुनः एकताबद्ध होकर निर्णायक संघर्ष का शंखनाद किया है। भाकपा माले नेता ने बताया कि विभिन्न फोरम पर इस मामले को उठाया जाएगा साथ ही जनता को गोलबंद कर सड़क पर आंदोलन किया जाएगा।



