करगहर रोहतास /Etv News 24
पैक्स चुनाव में निष्पक्षता नहीं बरतने व एक पक्षीय कार्रवाई करने के विरुद्ध संज्ञान लेते हुए बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार ने बुधवार को बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी अजीत कुमार को तत्काल प्रभाव से निर्वाची पदाधिकारी के पद से मुक्त कर दिया । इसकी जानकारी बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार के मेल से जिला निर्वाचन पदाधिकारी , बीडीओ तथा सीओ करगहर को भेजे गए आदेश पत्र से प्राप्त हुआ ।बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार के पत्रांक 697 / 5 मार्च 2025 को जारी आदेश पत्र में कहा गया है कि विगत पैक्स चुनाव में बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी द्वारा पद का दुरुपयोग कर एक पक्षीय कार्रवाई करने व निष्पक्षता नहीं बरतने के कारण प्रखंड के पैक्सों के निर्वाचन के लिए निर्वाची पदाधिकारी के दायित्व से तत्काल प्रभाव से मुक्त किया जाता है । आदेश में कहा गया कि करगहर अंचलाधिकारी अजीत कुमार को पैक्सों के निर्वाचन हेतु निर्वाची पदाधिकारी का दायित्व सौंप जाता है । बीडीओ करगहर निर्वाचन संबंधी सभी अभिलेखों का पूर्ण प्रभार सीओ को अविलंब सौंप दें । निर्धारित समय तक प्रभार नहीं सौंपने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी । बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार आदेश पत्र की प्रतिलिपि विभागीय मेल से जिला निर्वाचन पदाधिकारी, बीडीओ व सीओ करगहर को भेजा है ।



