औरंगाबाद/ओबरा /न्यूज डेस्क/Etv News 24
ओबरा थाना क्षेत्र के मोमिनपुर गांव में घर के पास ही पानी भरे गड्ढे में गिरने से एक 40 वर्षीय किराना व्यवसायी की मौत हो गई। मृतक की पहचान उक्त गांव निवासी मो शम्स तबरेज के रूप में हुई है। वह अपने दुकान को बंद करके कड़ाके की ठंड के बीच पैदल आ रहा था। वहीं,गड्ढे में गिरने के बाद ठंडे पानी में उसकी तबीयत इस कदर बिगड़ी की उसकी जान चली गयी। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
सदर अस्पताल में शव लेकर पोस्टमार्टम कराने पहुंचे उसके परिजनों ने बताया कि मृतक शम्स तबरेज गांव में ही किराना दुकान चलाया करता था और उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि दुकान बंद कर वह पैदल अपने घर जा रहा था। इसी दौरान घर के समीप अचानक पानी भरे गड्ढे में गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों ने उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओबरा पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने व्यवसायी का नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया।



