सुबह 10 से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन का मिलेगा मौका
युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर रहेगा विशेष जोर, सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत जिले के सभी मतदेय स्थलों पर 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को पंजीकृत करना और पहले से दर्ज मतदाताओं के नाम व अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन कराना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। विशेष अभियान दिवसों पर सभी मतदेय स्थलों पर 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। नागरिक बूथ पर पहुंचकर अपने और परिवार के सदस्यों के नाम सूची में जांच सकेंगे। इसके साथ ही नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, नाम विलोपन संबंधी आपत्ति के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे।
डीएम ने बताया कि अभियान में विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों, ग्राम प्रधानों, पार्षदों और स्थानीय स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाएगा। सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय संस्थाओं के माध्यम से भी अभियान का प्रचार-प्रसार कराया जाएगा, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। इसके अलावा जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से मतदाताओं को जानकारी और सहायता मिलेगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। अधिकारियों को बीएलओ की उपस्थिति, मतदाता सूची, पर्याप्त संख्या में फॉर्म और हेल्प डेस्क का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे 28 और 29 नवंबर को अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है तो फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं, नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन तथा निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 और किसी अपात्र अथवा मृतक मतदाता का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं समावेशी मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। इसलिए सभी नागरिक अभियान में सहभागिता निभाएं और अपने आसपास के पात्र लोगों को भी जागरूक करें, ताकि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में प्रत्येक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।




