मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान डीसीपी पश्चिम की साइबर सेल, सर्विलांस सेल और थानों की टीम को मिली बड़ी सफलता
कई साल पहले गुम और चोरी हुए मोबाइल पाकर लोगों ने पुलिस का जताया आभार
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ राजधानी में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल, सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त कार्रवाई में करीब 50.50 लाख रुपये कीमत के 233 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनमें कई ऐसे मोबाइल भी शामिल हैं, जो वर्षों पहले गुम या चोरी हो गए थे।
बरामद मोबाइल फोन में रेडमी के 55, ओप्पो के 40, वीवो के 39, रियलमी के 35, वन प्लस के 29 और सैमसंग के 20 फोन शामिल हैं। इसके अलावा अन्य कंपनियों के मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किए हैं। थाना अमीनाबाद, नाका, कैसरबाग, काकोरी, पारा, दुबग्गा, चौक और वजीरगंज क्षेत्र से गुम एवं चोरी हुए इन मोबाइल फोन को पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से खोज निकाला।
डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कैसरबाग थाना परिसर में प्रेसवार्ता कर बरामदगी की जानकारी दी। इसके बाद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों को थाने बुलाकर उनके सुपुर्द किया गया। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। कई वर्षों से मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने पर तत्काल UPCOP पोर्टल पर लॉस्ट आर्टिकल रिपोर्ट दर्ज कराएं। इसके साथ ही केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल पर मोबाइल को ब्लॉक कराने और ट्रेसिंग के लिए शिकायत दर्ज करें। जरूरत पड़ने पर नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें, ताकि तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की तलाश कर उसे बरामद किया जा सके।




