डीएफओ ने की कार्रवाई कूरेभार क्षेत्र में निर्धारित स्थान के बजाय दूसरे गांव में संचालित हो रही थी मशीन
स्पष्टीकरण मांगने के बावजूद जवाब नहीं देने पर हुई कार्रवाई, मुख्यालय से किया गया संबद्ध
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/ संवाददाता वागीश
सामाजिक वानिकी वन प्रभाग में तैनात एक वन रक्षक को विनियर मशीन के संचालन में अनियमितता के मामले में निलंबित कर दिया गया है। प्रभागीय निदेशक अमित सिंह ने 20 नवंबर को निलंबन आदेश जारी करते हुए वन रक्षक सौरभ यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है।
जारी आदेश के मुताबिक, सुलतानपुर रेंज के कूरेभार सेक्शन की कूरेभार बीट में तैनात वन रक्षक एवं बीट प्रभारी सौरभ यादव के क्षेत्र में विनियर मशीन के अवैध रूप से संचालन की सूचना मिली थी।
मामले की जांच उप प्रभागीय वनाधिकारी की ओर से कराई गई। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि विनियर मशीन के संचालन के लिए जारी लाइसेंस में मशीन का निर्धारित स्थान ग्राम कूरेभार के गाटा संख्या 56 मीटर दर्ज था, जबकि संबंधित मशीन ग्राम लोकापुर के गाटा संख्या तीन में संचालित पाई गई।
आदेश में बताया गया है कि इस संबंध में संबंधित कर्मचारी से 12 नवंबर और 17 नवंबर को स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन 20 नवंबर तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ। इसे प्रथम दृष्टया कर्मचारी की लापरवाही और उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक अनुशासन एवं अपील नियमावली 1956 के नियम-3 का उल्लंघन मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान वन रक्षक सौरभ यादव को जीवन निर्वाह भत्ता नियमानुसार देय होगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में अन्य प्रतिकर भत्तों का भुगतान निर्धारित शर्तों के अधीन किया जाएगा। साथ ही उन्हें किसी अन्य सेवा, योजना या व्यवसाय में संलग्न नहीं होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।




