500 युवकों के साथ दुकान पर पहुंचकर जूते से पीटने की दी चेतावनी
ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल
देवी प्रसाद सोनी की तहरीर पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर के शहर में डीजे की तेज आवाज और हाईबीट वाइब्रेशन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब धमकी और गाली-गलौज तक पहुंच गया है। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत जिले के आला अधिकारियों की मौजूदगी में डीजे बजाने को लेकर मंच से सुनील कुमार सोनी द्वारा किए गए ऐलान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। इस वीडियो पर की गई टिप्पणी के बाद सर्राफा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष एवं व्यापारी नेता देवी प्रसाद सोनी को कथित तौर पर फोन पर गाली देने और जान से मारने की धमकी देने का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
वायरल ऑडियो में कथित रूप से सुनील सोनी व्यापारी नेता को अपशब्द कहते हुए उनकी दुकान पर पहुंचकर जूते से मारने की धमकी दे रहे हैं। इतना ही नहीं, ऑडियो में 500 युवकों के साथ हमला करने की बात कहे जाने का भी दावा किया जा रहा है। इस मामले में पीड़ित व्यापारी नेता देवी प्रसाद सोनी ने प्रभारी शहर कोतवाल और पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उनकी शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि डीजे की तेज ध्वनि और हाईबीट वाइब्रेशन के इस्तेमाल को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है। घर सुल्तानपुर फाउंडेशन संस्था से जुड़े अधिवक्ता राघवेंद्र सिंह ने इस संबंध में हाईकोर्ट में जनहित याचिका भी दाखिल की थी। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से जारी ध्वनि संबंधी एडवाइजरी का उल्लंघन करने पर डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी बीच वायरल वीडियो और उसके बाद सामने आए धमकी भरे ऑडियो ने विवाद को और तूल दे दिया है। चौक क्षेत्र के व्यापारियों के बीच भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




