आराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में हंगामा, अजय राय धरने पर बैठे
ममता चौधरी पर बदसलूकी का आरोप, प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद ने संभाला मोर्चा
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में आराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। पार्टी के भीतर की खींचतान उस समय खुलकर सामने आ गई, जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने ममता चौधरी पर बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई और कार्यालय में धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते माहौल गरमा गया। कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई और जूते तक चलने की बात सामने आई। घटनाक्रम से अजय राय और उनके समर्थकों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
धरने पर बैठे अजय राय, समर्थकों के साथ कार्यालय से निकले
पदभार ग्रहण समारोह के बीच विवाद बढ़ने पर अजय राय अपने समर्थकों के साथ कार्यालय से बाहर आ गए। उनके रुख से पार्टी के भीतर असहज स्थिति पैदा हो गई। राय ने ममता चौधरी पर बदसलूकी का आरोप लगाया। घटनाक्रम ने कांग्रेस के संगठनात्मक अनुशासन और आपसी तालमेल पर सवाल खड़े कर दिए। जिस कार्यक्रम में एकजुटता का संदेश जाना था, वहां नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तनातनी चर्चा का विषय बन गई।
प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद ने संभाली स्थिति
विवाद बढ़ता देख कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद ने हस्तक्षेप किया। दोनों नेताओं ने अजय राय को मनाकर दोबारा अंदर ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम से समर्थकों में नाराजगी बनी रही। कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की और जूते चलने की घटना ने कार्यक्रम की राजनीतिक चमक फीकी कर दी। कांग्रेस कार्यालय में हुए इस हंगामे ने पार्टी की अंदरूनी राजनीति को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया।




