करगहर (रोहतास)/Etv News 24/ संवाददाता मैनुद्दीन
चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितता और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर बुधवार को करगहर में महागठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रखंड मुख्यालय पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।
प्रदर्शन के दौरान वीआईपी जिलाध्यक्ष विवेक सिंह कुशवाहा ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का वोट सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है। यदि मतदान प्रक्रिया को लेकर लोगों के मन में संदेह पैदा होता है, तो इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने और उठाए जा रहे सवालों का स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जनता के मताधिकार के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति विश्वास को प्रभावित करता है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मतदाताओं का चुनावी व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे।
वहीं कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष धनंजय पांडेय ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है और संबंधित संस्थाओं को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट हमारा, अधिकार हमारा’ समेत कई नारे लगाए। नेताओं ने कहा कि मतदाताओं के अधिकार और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।
इस मौके पर कन्हैया उपाध्याय, लड्डू उपाध्याय, मनोज राम, गुप्तेश्वर राम, असलम अंसारी, अक्षय साह, शिवानंद ठाकुर, श्वेता रानी, सलामुद्दीन, इद्रीस राइन, जय हिंद कुशवाहा, हीरा राम, निखिल सिंह, विष्णु पासवान, अभय सिंह यादव, मोहन पहलवान, डॉ. गोपाल यादव, बीरेन्द्र यादव, जोखन यादव, रितेश कुमार राय, जितेंद्र कुमार यादव, संजय यादव, राजस्व यादव, वशिष्ठ राम, बिहारी सिंह यादव, महेंद्र प्रसाद गुप्ता, केश्वर राम, जगनारायण गुप्ता, नसीम राइन, अजय राम, मुकेश कुशवाहा, धरमजीत कुशवाहा, शाहनवाज आलम और मकसूद आलम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




